राजा मानसिंह ने बनवाया था मानसरोवर मंदिर, महाशिवरात्रि पर शिव उपासना को जुटेंगे भक्त
गुरु गोरखनाथ की तपस्थली से कुछ ही दूरी पर मानसरोवर मंदिर और सरोवर का निर्माण राजा मानसिंह ने करवाया था। यहां मंदिर में भगवान शिव और शिव परिवार का मंदिर है। भगवान शिव की पूजा के लिए यहां भक्तों की भारी भीड़ जुटती है। महाशिवरात्रि पर ब्रह़म मुहूर्त में ही मंदिर के कपाट खुल जाएंगे और जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो जाएगा। मंदिर परिसर में मेला भी लगता है।
सके साथ ही सतासी वंश के आदि पुरुष भगवान सूर्य की उपासना भी यहां होती है। राजा मानसिंह का उल्लेख इतिहासकारों ने एक कुशल प्रशासन के अलावा धर्मनिष्ठ व्यक्ति के तौर पर किया है। वह सतासी वंश के राजा बसंत सिंह के पुत्र थे। राजा बसंत सिंह ने ही गोरखपुर की बसंतपुर सराय का निर्माण किले के रूप में कराया था। राजा मानसिंह ने जिस विशाल सरोवर का निर्माण कराया था उसका नाम उन्हीं के नाम पर मानसरोवर रखा गया। राजा मानसिंह का काल 1458 से 1498 तक था। मंदिर का निर्माण भी इसी कालखंड का माना जाता है। मानसरोवर मंदिर के पास ही भगवान सूर्य और अन्य देवताओं के मंदिर भी बने हैं।
सैकड़ों साल पुराने मंदिर का सीएम ने कराया जीर्णोद्धार
सीएम और गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ की विशेष निगरानी में सैकड़ों साल पुराने मानसरोवर मंदिर का जीर्णोद्धार हुआ। उनके कहने पर व्यापारी जवाहर कसौधन, अरुण अग्रवाल लाला, ओम प्रकाश कर्मचंदानी और विष्णु अजितसरिया ने भव्य मंदिर का निर्माण किया। निर्माण में विधायक और सांसद निधि की धनराशि भी इस्तेमाल हुई।